24 संस्थानों के 1,560 प्रतिभागियों को दिया गया जीवन रक्षक प्रशिक्षण
पोस्टर प्रतियोगिता और शपथ कार्यक्रम भी किए गए आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में लोगों को जीवन रक्षक तकनीक सिखाने के लिए रेडक्रॉस सोसायटी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल रंग लाई। जिले में 13 से 17 अक्तूबर तक चलाया गया सीपीआर जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान जिले के स्कूलों, कॉलेजों, नर्सिंग संस्थानों और स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अभियान के तहत 24 संस्थानों के कुल 1,560 प्रतिभागियों को सीपीआर देने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने की तकनीक व्यावहारिक तौर पर सिखाई। साथ ही पोस्टर प्रतियोगिता और शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। उपायुक्त एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी शाखा बिलासपुर के अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पैन इंडिया सीपीआर अवेयरनेस पहल का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सीपीआर किसी भी आपदा या चिकित्सा आपात स्थिति में जीवन रक्षक साबित हो सकती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और रेडक्रॉस सोसायटी के प्रशिक्षित कर्मियों की सराहना की। उन्होंने पूरे जिले में अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।