- शिक्षक असाक्षरों को शिक्षित करने का ले रहे प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारत सरकार के शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय की ओर से संचालित नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत शिक्षा खंड सदर के स्वयंसेवी अध्यापकों का प्रशिक्षण शिविर डाइट जुखाला में चल रहा है। 15 साल से अधिक आयु वर्ग के असाक्षरों को समझने और उन्हें विभिन्न गतिविधियों से शिक्षण कार्य करवाने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
जिला नोडल अधिकारी राकेश ठाकुर ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्य पहले स्तर पर शिक्षा खंड सदर में किया जा रहा है। शिविर 19 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद जिले के अन्य शिक्षा खंडों में भी वैसे ही आयोजन किए जाएंगे। ताकि असाक्षरों को राष्ट्र की मुख्यधारा में लाकर उन्हें पढ़ने लिखने के साथ-साथ जीवनपर्यंत अन्य कौशलों की समझ को भी विकसित जा सके। शुरुआती दौर में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 25 प्रतिशत की राशि आवंटित की है। शिक्षकों का अगला प्रशिक्षण शिविर घुमारवीं-2 के 186 स्वयंसेवी अध्यापकों के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) घुमारवीं में आयोजित किया जाएगा।