अनिल ठाकुरबिलासपुर। जिले में होकर गुजरने वाले किरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन पर पहली फरवरी से यातायात पर्यटन पुलिस थाना शुरू हो जाएगा। फोरलेन के किनारे बसे औहर कस्बे में किराये के भवन से थाने का कामकाज करने के लिए पुलिस विभाग ने तीन साल का अनुबंध किया है। फिलहाल फोरलेन थाने का कामकाज शहर स्थित सदर थाने के पुराने भवन से चल रहा है।
इस थाने के लिए अलग से स्टाफ की व्यवस्था होगी। वहीं इसकी देखरेख का जिम्मा प्रदेश ट्रैफिक, टूरिस्ट एंड रेलवे पुलिस के पास रहेगा। वहीं जिला पुलिस भी इसकी निगरानी करेगी। बताते चलें कि फोरलेन शुरू होने के बाद से सरकार ने बिलासपुर, मंडी और कुल्लू में तीन नए यातायात पर्यटक पुलिस थाने स्थापित करने का निर्णय लिया था। बिलासपुर में नया स्टाफ नियुक्त कर थाने को शुरू भी कर दिया है। थाने का कामकाज सदर थाने के पुराने भवन से किया जा रहा है, लेकिन फोरलेन से दूर होने के चलते इस थाने के कर्मचारियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि फोरलेन थाने का अपना भवन बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से भूमि चयनित करने की प्रक्रिया चल रही है। पनोह के पास इसके लिए जमीन चिन्हित की गई है। जमीन विभाग के नाम होने और भवन बनने तक थाने को फोरलेन के पास ही किराये के मकान में चलाने का निर्णय लिया गया है। बता दें कि फोरलेन पर आए दिन कोई न कोई वारदात हो रही है। फोरलेन पर थाना स्थापित होने से ऐसी वारदात कम हो सकती हैं और आरोपियों तक समय रहते पुलिस पहुंच सकती है।
कोट
फोरलेन किनारे औहर में किराये के मकान में यातायात पर्यटन पुलिस थाना पहली फरवरी से शुरू होगा। विभाग ने मकान मालिक से थाने के भवन के लिए तीन साल का अनुबंध किया है। इस थाने की व्यवस्था प्रदेश ट्रैफिक, टूरिस्ट एंड रेलवे पुलिस करेगी।
मदन धीमान,डीएसपी मुख्यालय