स्कूल के पास होने से विद्यार्थियों की आवाजाही बढ़ी, बसों के रुकने से जाम जैसे हालात तकनीकी निरीक्षण की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बम्म (बिलासपुर)। घंडालवीं चौक पर बढ़ते यातायात दबाव के बीच स्थानीय लोगों ने व्यवस्था सुधारने और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्थायी इंतजाम करने की मांग की है। चार दिशाओं से वाहनों की आवाजाही वाले इस चौक से करीब 100 मीटर दूर स्कूल है। कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी भी बसों के इंतजार में यहां खड़े रहते हैं। ऐसे में बसों के चौक पर रुकने के दौरान व्यस्त समय में जाम जैसी स्थिति बन जाती है और हादसे का खतरा रहता है। जाहू से हटवाड़, लदरौर से घुमारवीं और घंडालवीं की ओर जाने वाले मार्ग इसी चौक पर मिलते हैं। आसपास के गांवों के लोग भी बाजार और अन्य कामकाज के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सुबह और दोपहर स्कूल के समय तथा शाम को वाहनों की संख्या बढ़ने पर चौक पर यातायात दबाव बढ़ जाता है। छुट्टी के समय विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ जाती है। बसों के सवारियां लेने के लिए चौक पर रुकने से पीछे से आने वाले वाहनों को सीमित जगह मिलती है। इसी दौरान पैदल विद्यार्थियों और राहगीरों को सड़क पार करनी पड़ती है।
प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय चिकित्सक एसोसिएशन एवं भाजयुमो बिलासपुर के मीडिया प्रभारी डॉ. ऋतिक शर्मा ने भी प्रशासन से चौक का तत्काल निरीक्षण करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घंडालवीं चौक अब सामान्य ग्रामीण चौराहा नहीं रह गया है। यहां दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही रहती है। उन्होंने कहा कि तकनीकी निरीक्षण के बाद राउंडअबाउट, ट्रैफिक सिग्नल, रोड मार्किंग, स्पीड नियंत्रण या अन्य उपयुक्त व्यवस्था तय की जानी चाहिए। स्कूल के समय यातायात नियंत्रण के लिए कर्मचारी की तैनाती और उचित बस स्टॉप बनाने की मांग भी की गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि किसी गंभीर हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते चौक की व्यवस्था सुधारी जानी चाहिए।