बिलासपुर शहर, घुमारवीं, झंडूता और तलाई में पुलिस ने बढ़ाई गश्त
पटाखे विक्रेताओं को चिह्नित स्थानों पर कारोबार करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। दिवाली को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि बिलासपुर शहर, घुमारवीं, झंडूता और तलाई में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए 50 अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा वाहनों की चेकिंग के लिए विशेष नाके भी स्थापित किए गए हैं। पुलिस ने आम जनता से आग्रह किया है कि दीपावली पर वे शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और पुलिस के साथ सहयोग करें। पुलिस ने वाहन चालकों से विशेष तौर पर कहा है कि नशे में वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अनावश्यक ओवरटेक से बचें और अपने वाहन को केवल चिह्नित पार्किंग स्थानों पर ही खड़ा करें। बिलासपुर शहर और घुमारवीं में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
पटाखों के विक्रेताओं को भी आगाह किया गया है कि वे विस्फोटक अधिनियम और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए केवल प्रशासन की ओर से चिह्नित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें। पुलिस ने किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील भी की है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दीपावली के अवसर पर पुलिस की मौजूदगी के साथ-साथ जनता की सतर्कता और सहयोग बेहद आवश्यक है।