-एक सप्ताह में चोरी हुए दो ट्रैक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। पुलिस थाना कोट कहलूर के तहत बड़ोह गांव में रात के समय एक ट्रैक्टर चोरी हो गया। क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर ट्रैक्टर चोरी होने की दूसरी घटना सामने आई है। शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
ट्रैक्टर मालिक विजय कुमार निवासी भटेड़ ने बताया कि उसने बुधवार रात को अपना ट्रैक्टर बड़ोह गांव में खड़ा किया था। सुबह वहां देखा तो ट्रैक्टर गायब था। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि कोला वाला टोबा में पुलिस बैरियर है, उसके साथ सीसीटीवी कैमरे भी है। इसके अलावा घवांडल चौक और कोहनी मोड़ पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। वहीं कुछ दिनों पहले खरकड़ी से एक ट्रैक्टर चोरी हुआ था। ट्रैक्टर मालिक कृष्णानंद शर्मा निवासी खरकड़ी ने बताया था कि उसने घवांडल स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर लगाया था, जहां से ट्रैक्टर चोरी हो गया था। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। डीएसपी श्री नयना देवी जी ने बताया कि पहले चोरी हुए ट्रैक्टर में आरोपी की पहचान हो गई है और उसकी तलाश की जा रही है। वहीं दूसरे मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।