स्वारघाट के गरामोड़ा बैरियर में पर्यटकों के वाहनों से लगा जाम।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)। कोरोना कर्फ्यू में रियायतें मिलते ही बाहरी राज्यों से भारी संख्या में सैलानी प्रदेश का रुख कर रहे हैं। हिमाचल की ठंडी वादियों के नजारे लेने के लिए पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। 14 जून से बाहरी राज्यों से आने वालों के लिए प्रदेश सरकार ने कोविड की निगेटिव रिपोर्ट को साथ लेकर आने की शर्त को खत्म कर दिया है। अब कोविड ई-पास पर रजिस्ट्रेशन करवाकर बाहरी राज्यों के पर्यटकों को हिमाचल में आने की छूट प्रदान कर दी गई है।
उपमंडल स्वारघाट प्रशासन ने गरामोड़ा और नयनादेवी क्षेत्र में लगाए गए 8 बैरियरों से 14 से 17 जून तक 4 दिन में 11380 पर्यटकों ने हिमाचल में प्रवेश किया है। जबकि इससे पहले एक से 13 जून तक दो हफ्तों में 21,144 पर्यटकों ने प्रवेश किया है।
एक मई से 31 मई तक 26185 पर्यटक गरामोड़ा बैरियर से हिमाचल में आए हैं। शुरुआत में जब कोरोना कर्फ्यू लगाया गया था तो 27 से 30 अप्रैल तक सिर्फ 3130 लोग बाहर से हिमाचल पहुंचे थे। 27 अप्रैल से लेकर 17 जून तक बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले पर्यटकों की संख्या का कुल आंकड़ा 62322 है। जबकि 14 से 17 जून के बीच 11380 पर्यटक हिमाचल पहुंचे हैं।
उपमंडल प्रशासन स्वारघाट के एसडीएम सुभाष गौतम ने बताया कि बंदिशों में ढील के बाद बाहरी राज्यों से आने वालों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 14 से 17 जून तक 4 दिन में 11380 पर्यटकों ने गरामोड़ा बैरियर से हिमाचल में प्रवेश किया है।