-घुमारवीं में 26 जुलाई को होगा श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। 26 जुलाई को कारगिल जंग की जीत को 25 साल पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर कारगिल के शहीदों की याद में घुमारवीं के दकड़ी चौक से लेकर गांधी चौक तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। साथ ही श्रद्धांजलि समारोह कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा मंडल की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में तय किया गया कि सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कैप्टन सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में घुमारवीं में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। 25 जुलाई को शाम के समय भाजपा युवा मोर्चा मशाल जुलूस निकालकर शहीदों को नमन करेगा। यह मशाल जुलूस दकड़ी चौक से लेकर गांधी चौक तक निकाला जाएगा। 26 जुलाई 10:30 बजे श्रद्धांजलि समारोह होगा। भाजपा मीडिया प्रभारी महेंद्र पाल रतवान ने बताया कि इस समारोह में वीर चक्र विजेता कैप्टन रूप लाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित होंगे, जबकि पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि देकर उन्हें नमन किया जाएगा। वीरांगनाओं व शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर मौजूद रहे।