- ईवीएम से वोट डालने की सही जानकारी न होने से वोट होता है खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। लोकसभा चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीन के बारे में मतदाताओं को जागरूक करने का काम हर एक बूथ स्तर पर किया जा रहा है। इससे नागरिक अपने वोट का सही से इस्तेमाल कर सकें।
भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव में लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल के लिए जागरूक करने का आदेश दिया है। इसके तहत विकासखंड झंडूता के तहत सभी बूथों पर लोगों को ईवीएम की कार्यप्रणाली और वोट डालने के तरीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। शनिवार को ग्राम पंचायत बड़गांव के बूथ नंबर 37,38 और 39 के मतदाताओं को कंट्रोल यूनिट वैलिड यूनिट और वीवीपैट मशीनों की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर नारायण दास और सपना देवी ने बताया कि अक्सर वोट डालने की सही जानकारी न होने से कई मतदाताओं का वोट खराब हो जाता है। कई बार मतदाताओं की शिकायत रहती है कि उनका वोट गलती से किसी और को चला गया है। इसकी वजह ईवीएम से वोट डालने की सही जानकारी न होना सामने आता है। इसके चलते अब निर्वाचन आयोग ने चुनाव से पहले सभी मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रेरित करने के साथ ही वोट डालने के तरीकों को भी बताया जा रहा है। इससे किसी भी नागरिक का वोट बर्बाद न हो सके।
उन्होंने बताया कि सभी नागरिकों को ईवीएम की सही जानकारी पहुंचने के लिए वह सभी बूथों में मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। ताकि किसी भी नागरिक को वोट डालने में कोई दिक्कत न हो। बताया कि वोट डालते समय वोटर के पास ईवीएम और वीवीपैट मशीन होती है। ईवीएम में अपने प्रत्याशी के नाम के आगे का बटन दबाकर वोटर वीवीपैट में अपने दिए गए वोट की जानकारी ले सकता है। इससे उसे यह सुनिश्चित हो जाए कि उसका वोट सही जगह गया है। ईवीएम और वीवीपैट के साथ ही एक डिवाइस और होता है, जिसे कंट्रोल यूनिट कहते हैं, जो मतदान स्थल के पीठासीन अधिकारी के पास सुरक्षित रहता है। इस मौके पर ग्राम पंचायत बड़गांव के प्रधान निक्कू राम, करतार सिंह, आंचल चंदेल, अंजना चंदेल, आशा देवी, सोनिका कुमारी, विद्या देवी, रीता देवी सहित अन्य मतदाता उपस्थित रहे।