बिलासपुर। बिलासपुर जिले से 22 जुलाई तक 4984 लोगों के सैंपल कोविड-19 की लैब जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजे जा चुके हैं। इनमें से 4843 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है और 66 की रिपोर्ट अभी तक पॉजिटिव आ चुकी है। एक पॉजिटिव केस जिले में बाहर से आया हैं। इस बीच, 47 संक्रमित लोग अभी तक कोरोना की जंग जीत चुके हैं। 20 मरीजों का इलाज चल रहा है। जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम और संक्रमितों का पता लगाने के लिए रोजाना संदिग्धों के अलावा रैंडम सैंपलिंग के तहत सैंपल लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉक्टर प्रकाश दरोच ने बताया कि बाहरी राज्यों से घरों को आ रहे लोगों की बार्डर पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। रेड जोन से आने वालों को संस्थागत क्वारंटीन किया जा रहा है। 5 से 7 दिनों के अंदर उनका कोरोना टेस्ट किया जा रहा है और रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उन्हें होम क्वारंटीन में भेजा जा रहा है। उन्होंने होम क्वारंटाइन के बारे में दिशा निर्देश देते हुए बताया कि व्यक्ति को चाहिए कि वे हवादार एक कमरे में रहें जिसमें कि पृथक शौचालय साथ हो को प्राथमिकता दी गई है। अगर उसी कमरे में कोई दूसरा परिवार का सदस्य ठहरा हो तो वह आपस में कम से कम एक मीटर की दूरी अवश्य बनाए रखें।