बिलासपुर। हरलोग पंचायत के गांव पाल्टी (चटोखर) के लगभग 15 परिवार जल शक्ति विभाग की अनदेखी का शिकार हुए है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री संकल्प सेवा 1100 पर शिकायत की थी। बावजूद इसके एक माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके चलते ग्रामीणों में खासा रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल शक्ति विभाग की कोलडैम स्कीम के तहत इस क्षेत्र में दो साल पहले नई पाइप लाइनों का विस्तारीकरण हुआ था। गांव में भी पानी के कनेक्शन के लिए नई पाइप लाइन बिछाई गई थी। विभाग ने आसपास के सभी गांव को पानी की स्कीम से जोड़ कर नए कनेक्शन आवंटित कर दिए। लेकिन, इस बस्ती को न तो स्कीम के साथ जोड़ा गया और न ही पाइप लाइन की टेस्टिंग की गई। ग्रामीण अनीश कुमार, नरेश कुमार, कश्मीर सिंह, मदन लाल आदि का कहना है कि इस बस्ती के लिए अन्य कोई पेयजल योजना नहीं है। सालों से ग्रामीण एक बोर वेल मालिक से पैसे देकर पानी खरीदने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हैरानी की बात यह है कि सरकार जिस मुख्यमंत्री संकल्प सेवा के जरिए लोगों की समस्याओं के निवारण का दावा करती है। उस पोर्टल पर शिकायत करने के बाद भी समस्या के निवारण के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
0
इनसेट
पाल्टी गांव की पेयजल समस्या उनके ध्यान में है। गांव को सप्लाई देने के लिए औपचारिकता लगभग पूरी हो चुकी है। एक सप्ताह के अंदर गांव को पानी की सप्लाई दे दी जाएगी।
अनिल गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता जल शक्ति विभाग