ढलियार में स्पेशल डिटेक्शन टीम ने की कार्रवाई, बिलासपुर के रहने वाले हैं तीनों
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चिट्टा तस्करी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। थाना सदर क्षेत्र के तून्नू ढलियार के पास फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने एक वाहन से 9.11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने वाहन में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।जानकारी के अनुसार रात को स्पेशल डिटेक्शन टीम ने तून्नू ढलियार फोरलेन पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 9.11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही तीनों युवकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान मुनीष कुमार (30) निवासी बंदला, आशीष कल्याण (30) निवासी डियारा सेक्टर और आसिफ मोहम्मद (34) निवासी रौड़ा सेक्टर-2 के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान बुधवार रात करीब 2:30 बजे डियारा पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले में अब तक हुई कार्रवाई और जांच की जानकारी ली। इससे साफ है कि पुलिस प्रशासन चिट्टा तस्करी के मामलों की निगरानी वरिष्ठ स्तर पर कर रहा है। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस जांच का मुख्य फोकस अब चिट्टे की सप्लाई के स्रोत और आरोपियों के नेटवर्क का पता लगाने पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को चिट्टा कहां से मिला था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाली जा रही हैं। पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
20 जून के बाद 180 तस्कर गिरफ्तार
एसपी अभिषेक धीमान ने 20 जून 2026 को बिलासपुर में कार्यभार संभाला था। पुलिस के अनुसार, इसके बाद जिले में चिट्टा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है। पुलिस का दावा है कि एसपी के कार्यभार संभालने के बाद अब तक 180 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल नशा बरामद कर आरोपियों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचना है।
कोट
पुलिस प्रत्येक मामले में नशे की खेप के स्रोत की जानकारी जुटा रही है। तून्नू ढलियार मामले में भी आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक धीमान, पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर