बंबर उपाध्यक्ष, विकास और विवेक को महासचिव बनाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार कर दिया है। इस विस्तार में बिलासपुर जिले के तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है, जिससे जिले में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं झंडूता विधासभा क्षेत्र के विवेक कुमार और श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के विकास ठाकुर को महासचिव नियुक्त किया गया है। विवेक कुमार और विकास ठाकुर पहले भी इसी पद पर कार्य कर चुके हैं, ऐसे में पार्टी ने उनके अनुभव पर दोबारा भरोसा जताया है। विकास ठाकुर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर के बेटे हैं, जिससे उनकी राजनीतिक पकड़ और संगठनात्मक अनुभव को भी पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। वहीं बंबर ठाकुर लंबे समय से जिला और प्रदेश स्तर की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और अपने बयानों व सक्रियता के चलते अक्सर चर्चा में रहते हैं। प्रदेश कांग्रेस की ओर से बिलासपुर जिले को कार्यकारिणी में उचित प्रतिनिधित्व देना आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की रणनीति का हिस्सा है। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के उद्देश्य से अनुभवी और सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले के तीन नेताओं को एक साथ प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान मिलने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है। इससे न केवल संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ भी मजबूत होने की उम्मीद है।
विकास ठाकुर
विकास ठाकुर