ठाकुरद्वारा मंदिर औहर में शिव पुराण महा कथा के शुभारंभ अवसर पर कलश यात्रा निकालते हुए। स्रोत: ज
पहले दिन श्रद्धालुओं को बताया शिव पुराण का महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ ( बिलासपुर)। ठाकुरद्वारा मंदिर औहर में शनिवार से शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा शुरू हाेने से पहले क्षेत्र में कलश यात्रा निकाली गई। कथा 5 अप्रैल तक रोजाना दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक चलेगी। आचार्य संदीपन वशिष्ठ ने पहले दिन शिव पुराण के महात्म्य का वर्णन करते हुए बताया कि शिव पुराण का श्रवण करने से मनुष्य के पापों का नाश होता है, मानसिक शांति प्राप्त होती है और जीवन में धर्म, ज्ञान, भक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने बताया कि शिव पुराण में भगवान शिव की महिमा, सृष्टि की उत्पत्ति, भक्ति की शक्ति और मानव जीवन के आदर्शों का विस्तृत वर्णन मिलता है। आचार्य ने देव राज और बिंदुक ब्राह्मण के प्रसंग को सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान शिव की कृपा से जीवन में परिवर्तन संभव है। कथा में बताया गया कि सच्चे मन से शिव आराधना करने वाला व्यक्ति कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी ईश्वर की कृपा प्राप्त करता है। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित किया। धार्मिक आयोजन युवक मंडल औहर, भंजवाणी, बड़ोवा, हीरापुर, पलथी, दड़याणा और कसेह गांवों के ग्रामीणों के सहयोग से संपन्न हो रहा है। कथा शुरू होने से पहले स्थानीय बैंक से मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।