जेपी सीमेंट उद्योग बागा के हजारों ऑपरेटरों ने करोड़ों का मालभाड़ा न मिलने पर मंगलवार को चक्का जाम किया। इसके साथ ही ऑपरेटरों ने विरोध स्वरूप गिरफ्तारियां भी दी। इसके बाद ऑपरेटरों ने थाने के बाहर भी जमकर नारेबाजी की। इस दौरान 100 ऑपरेटरों ने गिरफ्तारी दी। जेपी कंपनी के पास ऑपरेटरों का करीब 30 करोड़ रुपये मालभाड़ा फंसा हुआ है। इस वजह से ऑपरेटरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इसके विरोध में मंगलवार को हजारों ऑपरेटरों ने खारसी में चक्का जाम किया। इस दौरान ऑपरेटरों जेपी कंपनी और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी। ऑपरेटरों का आरोप है कि प्रशासन की मध्यस्थता में बैठकों के बावजूद भी जेपी कंपनी ऑपरेटरों के किराये की अदायगी नहीं कर रही है। इस वजह से ऑपरेटरों की हालत दयनीय हो गई है।
विरोध में ऑपरेटर 37 दिनों से हड़ताल पर हैं और उन्होंने ढुलाई का कार्य पूरी तरह से बंद कर दिया है। बावजूद इसके प्रबंधन की तरफ से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं। इससे पहले भी ऑपरेटरों ने जेपी कंपनी का गेट बंद करके विरोध प्रदर्शन किया था।
इसके बाद अर्की एसडीएम और बिलासपुर के प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में कंपनी ने तीन दिन में मालभाड़े की अदायगी को लेकर बैठक करने का वादा किया था।
मगर इसके बाद भी ऑपरेटरों के मालभाड़े की अदायगी को लेकर कोई पुख्ता कार्रवाई नहीं हुई है। अभी तक सिर्फ 10 करोड़ किराये की अदायगी ही कंपनी ने की है। कंपनी की वजह से जिला सोलन और बिलासपुर के 4 हजार ऑपरेटर प्रभावित हैं।
1100 ट्रकों को उठाकर ले गई फाइनांस कंपनियां : खारसी परिहवन सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि यह बिलासपुर और सोलन जिला के चार हजार ट्रक पिछले 37 दिनों से खड़े हैं। इन ट्रकों की कीमत 6 अरब रुपये है। उन्होंने कहा कि हालत ऐसी हो गई है कि पैसा न मिलने के कारण 1100 ट्रकों को फाइनांस कंपनियां उठाकर ले गई हैं। अब ट्रक ऑपरेटर की जमीन और मकान को कुर्क करने के आदेश तक न्यायालयों ने जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक एक साथ पूरा माल भाड़ा नहीं मिलता आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर इस मौके पर खारसी सभा के चेयरमैन रोशन लाल फौजी, खारसी सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर, प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर उपप्रधान परमानंद ठाकुर सदस्य हेमराज, धर्मपाल, परसराम, हंसराज, जीतराम, मांगल लैंडलूजर परिवहन सभा के दीप चंद शर्मा, दीपलाल, रतन लाल, चुनी लाल, अजीत सेन, तरसेम, कै. भगत राम, रविकांत पाठक, सुरेंद्र वर्मा, रमेश ठाकुर, संदीप, कोहीनूर सभा के प्रधान प्रेम सिंह ठाकुर, उपप्रधान राजीव महाजन, महासचिव मानसिंह ठाकुर सलाहकार प्यारे लाल ठाकुर, अशोक कुमार, प्रकाश ठाकुर, बबलु शर्मा, सुरेश, भूतपूर्व सैनिक सभा के प्रधान कै. सुरेंद्र महासचिव जोगिंद्र पाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
सीपीआई भी आई ऑपरेटरों के पक्ष में
सीपीआई ने ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल का समर्थन किया है। सीपीआई के प्रदेश सह सचिव अधिवक्ता परवेश चंदेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ऑपरेटराें के माल भाड़े की अदायगी सुनिश्चित करवाए। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे ट्रक ऑपरेटरों पर बनाए गए केसों को तुरंत वापस लिया जाए। ट्रक ऑपरेटर पिछले लंबे समय माल भाड़े की अदायगी को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। इससे उनकी माली हालत काफी नाजुक हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ट्रक ऑपरेटरों की मांग को पूरा न किया गया तो सीपीआई को भी उनके समर्थन में हड़ताल करने पर मजबूर होना पड़ेगा।