सो रहे परिजन को बाहर से बंद कर वारदात को दिया अंजाम, इलाके में दहशत
एक ही घर से 84 ग्राम सोने के गहने तथा लगभग 20 हजार रुपये की नकदी चोरी
क्षेत्र में लगातार दूसरी बार इस तरह से शातिरों ने दिया चोरी को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़(बिलासपुर)। औहर पंचायत के अप्पर भंजवानी गांव में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। चोरों ने देर रात दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान घरों में सो रहे परिवारों को बाहर से कुंडी लगाकर कमरों में बंद कर दिया गया, जिससे सुबह तक किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी रोष और भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार झंडूता थाना के अंतर्गत आने वाले अपर भंजवानी गांव में सबसे पहले चोरों ने मनोज कुमार पुत्र नंद लाल के घर में सेंध लगाई। उस समय घर में उनकी पत्नी और बच्चे सो रहे थे। चोरों ने बड़ी चालाकी से बाहर से कमरे की कुंडी लगा दी और दूसरे कमरे में रखी अलमारी को खंगाल डाला। चोर यहां से करीब 84 ग्राम सोने के गहने, लगभग 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने करीब 50 मीटर दूरी पर स्थित राजीव पुत्र सुभाष गौतम के घर को निशाना बनाया। यहां भी चोरों ने घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों के अलावा चार हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली और उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया तो दरवाजे बाहर से बंद मिले। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाहर से कुंडी खोलकर उन्हें बाहर निकाला। जब परिवार के सदस्य दूसरे कमरों में पहुंचे तो वहां सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। गहने और नकदी गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी सुराग जुटाने का प्रयास किया। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है। बता दें कि इसी औहर पंचायत में तीन दिन पहले भी चोरों ने तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उस दौरान भी लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी हुई थी। लगातार हो रहीं चोरियों से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।