घुमारवीं शहर में घर के बाहर फुटमैट ले जाता अज्ञात व्यक्ति। स्रोत: सीसीटीवी
दुकानों के बाहर से रातोंरात गायब हुआ सामान, अलग-अलग जगहों पर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में दुकानों के बाहर रखा सामान चोरी करने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति दुकानों के बाहर रखे फुटमैट से लेकर सजावट के लिए लगाए गए बल्ब तक चोरी कर ले गया। उसकी यह करतूत अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटमैट और बल्ब चोरी होने की घटनाओं के सामने आने के बाद शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दिवाली के अवसर पर शहर के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक बनाने के लिए विशेष सजावट की थी। इसके लिए दुकानों के बाहर बड़े-बड़े सजावटी बल्ब लगाए गए थे। वहीं, ग्राहकों की सुविधा और दुकान की सुंदरता के लिए महंगे फुटमैट भी खरीदे गए थे। त्योहार के बाद दुकानदारों ने इन सामानों को दुकानों के बाहर ही रखा हुआ था, लेकिन रात के समय एक व्यक्ति इन्हें चोरी कर ले गया।
सीसीटीवी फुटेज में व्यक्ति रात के समय दुकानों के बाहर पहुंचता और वहां रखे फुटमैट उठाकर ले जाता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, दुकानों और घरों के बाहर सजावट के लिए लगाए गए बल्ब भी उसके निशाने पर रहे। बताया जा रहा है कि व्यक्ति शहर में अलग-अलग स्थानों से सामान उठाकर ले गया। दुकानदारों को चोरी का पता अगले दिन सुबह लगा। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद मिलीं।
दुकानदारों का कहना है कि दिवाली के मौके पर उन्होंने अपनी दुकानों को सजाने के लिए काफी खर्च किया था। अच्छे और महंगे फुटमैट के साथ सजावटी बल्ब लगाए गए थे, लेकिन रात के अंधेरे में इस तरह सामान चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि शहर में दुकानों के बाहर रखा छोटा-बड़ा सामान भी सुरक्षित नहीं है।