स्वारघाट(बिलासपुर)। स्वारघाट में नेशनल हाईवे 205 चंडीगढ़-मनाली पर स्थित संतोषी माता मंदिर में रविवार सुबह चोर को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। चोर मंदिर के चौकीदार संजय कुमार की सूझबूझ से पकड़ा गया। बाद में इसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार चोर की पहचान बंटी (22) पुत्र पप्पू निवासी गांव आजिया वाला पांवटा साहिब जिला सिरमौर के रूप हुई है। पुलिस ने चोर से 4085 रुपये, पेचकस, पलास व लोहे की रॉड बरामद की है। रविवार सुबह करीब 4 बजे स्वारघाट के संतोषी माता मंदिर के चौकीदार संजय कुमार को मंदिर में हलचल होने का अंदेशा हुआ और उसने थोड़ा सा दरवाजा खोलकर देखा कि एक युवक मंदिर के बाहर लगे दानपत्र को तोड़ने की कोशिश कर रहा था।
चौकीदार को देखकर युवक सड़क की तरफ भागने लगा लेकिन चौकीदार ने उसे दबोच लिया और मंदिर कमेटी और पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद चोर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। चोर ने पहले मंदिर में लगे एक सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा उसके बाद लोहे की रॉड से गल्ले को तोड़ना शुरू किया। चोरी के आरोपी युवक को स्वारघाट थाना पुलिस मौके पर निशानदेही के लिए लेकर गई। थाना प्रभारी स्वारघाट बलबीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी युवक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।