बिलासपुर में राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में लगे पशु मेले के दौरान पशुओं का मूल्यांकन करते पशु पाल?
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेला शुरू हुए दो दिन हो गए हैं लेकिन कोरोना के डर से मेले में इस बार पूरी दुकानें भी नहीं लग पाई हैं। करीब 40 फीसदी प्लाट खाली पड़े हैं। मेले के नाम पर एकमात्र डोम लगा है। कोरोना के डर से न ही दुकानदार और न ही लोग मेले में रुचि दिखा रहे हैं। वहीं इस बार नलवाड़ में 18 और 19 मार्च को पशुओं का मेला है। 20 मार्च को सर्वश्रेष्ठ पशु मालिकों को इनाम वितरित किए जाएंगे।
इस बार मेले में मात्र 52 पशु पहुंचे हैं जबकि सालों पहले इस मेले में सैकड़ों के हिसाब से पशु पहुंचते थे। लेकिन समय के साथ मेले का चलन भी बदल गया। अब गिने चुने पशु ही मेले में पहुंचते हैं। वहीं इस बछड़े के साथ मेले में पहुंचाई गई जरसी ब्रीड की सफेद रंग की गाय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी है। दो दिनों तक चलने वाले इस वाले इस पशु मेले में बिलासपुर व आसपास के पशुपालक पशु लेकर पहुंचे हैं। वहीं 20 मार्च को पहले दूसरे और तीसरे स्थान के श्रेष्ठ पशु मालिकों को इनाम दिए जाएंगे।
17 मार्च से शुरू हुआ यह राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेला दूसरे दिन भी सुनसान रहा। 23 मार्च तक चलने वाले इस मेले के अगले एक-दो दिनों में रौनक आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस मेले का मुख्य आकर्षण कुश्ती भी इस बार दो ही दिन होगी। जिस कारण छिंज के दौरान भीड़ जुटने की संभावना है। मेले में कानून व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मेला मैदान में किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना व अन्य आपदा से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा गाड़ी भी तैनात की गई है।