श्रावण अष्टमी मेले में शनिवार-रविवार को बाजार में रही रौनक, बाकी दिनों में कम भीड़ से कारोबार रहा सामान्य
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में 13 अगस्त से चल रहे श्रावण अष्टमी मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद दुकानदारों को इस बार अपेक्षित कारोबार नहीं मिल पाया। दुकानदारों ने मेले से पहले अच्छी बिक्री की उम्मीद में तैयारियां की थीं, लेकिन शनिवार और रविवार को छोड़कर अन्य दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या कम रहने से बाजार में कारोबार सीमित रहा। मेले के शुरुआती दिनों में श्रद्धालुओं की आमद सामान्य रही। शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो बाजार में भी रौनक बढ़ी। प्रसाद, पूजा सामग्री, खिलौने, धार्मिक वस्तुओं और खान-पान की दुकानों पर इन दोनों दिनों में अच्छी बिक्री हुई। वहीं, सप्ताह के अन्य दिनों में बाजार अपेक्षाकृत खाली रहा। दुकानदारों को सप्तमी पर्व पर भी भीड़ बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन उस दिन भी श्रद्धालुओं की संख्या अनुमान के मुताबिक नहीं पहुंची। इससे बिक्री पर असर पड़ा। दुकानदारों के अनुसार श्रद्धालु जरूरी पूजा सामग्री और प्रसाद की खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन अन्य सामान की बिक्री उम्मीद के अनुरूप नहीं बढ़ी है। अब उन्हें मेले के शेष दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने और कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।
क्या कहते हैं दुकानदार
चमन ठाकुर ने बताया कि कारोबार सामान्य है। शनिवार और रविवार को अच्छी बिक्री हुई, लेकिन अन्य दिनों में ग्राहक कम रहे।
अंकित कौशल ने कहा कि मेले के लिए पहले से तैयारी की थी। श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, लेकिन कारोबार में अपेक्षित तेजी नहीं आई।
संजय कुमार के अनुसार सप्तमी को भी अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंची। अब आगामी दिनों से कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है।
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि दुकान लगाने में खर्च होता है। सप्ताहांत में अच्छा कारोबार हुआ, जबकि अन्य दिनों में बिक्री कम रही।
अंकित कौशल
अंकित कौशल
अंकित कौशल