बूम शिवा और स्ट्राइकर इलेवन को सेमीफाइनल में मिली हार
आज खेला जाएगा विरासत-ए-कहलूर का फाइनल मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लुहणू क्रिकेट मैदान में चल रही विरासत-ए-कहलूर प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला साइलेंट किलर और बालाजी वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में बूम शिवा और स्ट्राइकर इलेवन को हार का सामना करना पड़ा। मंगलवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल साइलेंट किलर और बूम शिवा के बीच खेल गया। साइलेंट किलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बूम शिवा ने अच्छी गेंदबाजी की और शुरुआत में विकेट चटकाए। साइलेंट किलर की ओर से राहुल ने नाबाद 38 और गौरव शर्मा ने 16 रन का योगदान दिया। बूम शिवा की ओर से मुनीश पटियाल ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बूम शिवा की टीम आठ विकेट खोकर 92 रन ही बना पाई और सात रन से मैच हार गई। बूम शिवा की ओर से शुभम ने 22 रन का योगदान दिया। साइलेंट किलर की ओर से दीपक और अजय ने तीन - तीन विकेट हासिल किए। दूसरा सेमीफाइनल बालाजी वॉरियर्स और स्ट्राइकर इलेवन के बीच खेला गया। स्ट्राइकर इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट खोकर 89 रन बनाए। इस पारी में देवांश ने 23 और विशाल ने 18 रन का योगदान दिया। बालाजी वॉरियर्स की ओर से अर्श ने चार और अमित ने तीन विकेट हासिल किए। बालाजी वॉरियर्स ने 12.1 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसमें आकाश ने नाबाद 37 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। स्ट्राइकर इलेवन की ओर से रमन ने तीन विकेट हासिल किए।