बरमाणा में तीन दिवसीय रजत जयंती उत्सव 22 से
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। गुग्गा मेला बरमाणा इस बार और भी खास होने जा रहा है। आयोजन समिति इस वर्ष मेले की 25वीं वर्षगांठ को रजत जयंती समारोह के रूप में धूमधाम से मनाएगी। यह भव्य आयोजन 22 से 24 अगस्त तक एसीसी स्पोर्ट्स ग्राउंड बरमाणा में होगा।
संयोजक संजीव भारद्वाज ने बताया कि इस बार मेले का पारंपरिक कार्यक्रम दो की बजाय तीन दिन का होगा। इससे दर्शक अधिक सांस्कृतिक विविधता और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे। पहली संध्या में 22 अगस्त को चंबा के काकू राम ठाकुर प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। दूसरी संध्या 23 अगस्त को करनैल राणा अपने लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर करेंगे।
समारोह की सबसे बड़ी खासियत 24 अगस्त को अंतिम संध्या में देखने को मिलेगी। इस दिन हिमाचल प्रदेश पुलिस का मशहूर आर्केस्ट्रा ‘हारमनी ऑफ द पाइंस’ पहली बार बरमाणा में प्रस्तुति देगा। हाल ही में यह 17 सदस्यीय बैंड लंदन में भारत का प्रतिनिधित्व कर लौटा है। इसकी मधुर धुनें मेले की रौनक को चार चांद लगाएंगी।
समिति के प्रधान प्रेम चंद ने प्रदेशवासियों और बिलासपुर जिला वासियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में सपरिवार शामिल होकर मेले की शोभा बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि स्मृतियों से भरे इस सफर में दर्शकों का सहयोग हमेशा समिति को नई ऊर्जा देता रहा है।