कन्या पाठशाला घुमारवीं में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप में उपस्थित छात्राएं व अन्य। स्रोत स्कूल
कन्या पाठशाला घुमारवीं में भारतीय भाषा समर कैंप हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला घुमारवीं में सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का लगाया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को एक अतिरिक्त भाषा सिखाकर भाषाई विविधता को समझने और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने की प्रेरणा देना है।
इस शिविर के माध्यम से छात्राएं न केवल विभिन्न भाषाओं का ज्ञान प्राप्त कर रही हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, नृत्य, कला एवं परंपराओं को भी बहुत पास से समझ रही हैं। शिविर के पहले दिन पाठशाला के प्रधानाचार्य परमजीत शर्मा ने छात्राओं को इसके महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान वैश्विक युग में विभिन्न भाषाओं का ज्ञान होना छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वह इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाकर ज्ञानवर्धन करें। प्रवक्ताओं ने बच्चों को विभिन्न भारतीय भाषाओं की विशेषताओं एवं उनके उपयोग की जानकारी दी। इसमें छात्राओं को आभासी शहर भ्रमण के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक नृत्य, संगीत और कलाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। शिविर में छात्राएं न केवल ज्ञान प्राप्त कर रही हैं, बल्कि मनोरंजन पूर्ण गतिविधियों के माध्यम से सीखने के नए अनुभव भी ले रही हैं। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की है और इसे छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।