ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता टैक्स सहित कई फैसलों को बताया जनविरोधी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए आर्थिक फैसलों को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। भाजपा सदर मंडल के उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने आरोप लगाया है कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार आम जनता की जेब पर लगातार बोझ डाल रही है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता अब सरकार के नए टैक्सों और शुल्कों से परेशान हो चुकी है।
सुभाष ठाकुर ने कहा कि सरकार ने हाल ही में बस किराए में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग खासतौर पर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग, जो दैनिक कार्यों, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और कार्यालय जाने के लिए के लिए बसों पर निर्भर हैं, अब महंगे किराए के चलते जरूरी सफर से भी बच रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने अब अस्पतालों में पर्ची शुल्क भी 10 रुपये कर दिया है, जो कि पहले मुफ्त था। इसके अलावा, पूर्व सरकार के समय मिलने वाली कई मुफ्त जांचों को भी समाप्त कर दिया गया है, जिससे गरीब मरीजों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। सबसे विवादित फैसला ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता टैक्स लगाने को लेकर है। ठाकुर ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक ग्रामीण घर से 50 रुपये और छोटे दुकानदारों से 100 रुपये प्रति माह टैक्स वसूलने का आदेश जारी किया है। यदि कोई पंचायत इस टैक्स को लागू नहीं करती, तो सरकार छह माह के भीतर इसे अपने स्तर पर लागू कर देगी। कहा कि यह टैक्स जनता की सहमति के बिना थोपा गया है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने चहेते लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए जनता पर जजिया कर थोप रही है। सुभाष ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ये जनविरोधी फैसले तुरंत वापस नहीं लिए, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर आंदोलन छेड़ेगी।