शोभायात्रा में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और जनता हाेगी शामिल
बरठीं में पूर्व सैनिक कल्याण समिति की मासिक बैठक में फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश ने 16 दिसंबर को चंगर स्थित वीर बलिदानी स्मारक में वीर सैनिकों की पवित्र मिट्टी स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह आयोजन शोभायात्रा के माध्यम से होगा, जिसमें पूर्व सैनिक, वीर नारियां, पूर्व सैनिक परिवार और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
समिति की मासिक बैठक प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन अमर नाथ धीमान की अध्यक्षता में बरठीं में हुई। बैठक की शुरुआत शहीद वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसमें 1962, 1965, 1971 और 1999 में हुए युद्ध क्षेत्रों से लाई गई वीर बलिदानी मिट्टी को स्मारक में स्थापित करने की प्रक्रिया पर अंतिम मुहर लगी।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017-18 में सूबेदार स्व. प्रकाश चंद के नेतृत्व में विभिन्न युद्धस्थलों से मिट्टी संग्रहित की गई थी। प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन अमर नाथ धीमान और चेयरमैन कैप्टन संजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2017-18 के दौरान सूबेदार स्व. प्रकाश चंद के नेतृत्व में युद्धस्थलों से वीर बलिदानी मिट्टी संग्रहित की गई थी। इनमें भारत-चीन युद्ध 1962 की वीर बलिदानी मिट्टी कर्नल प्रणय संधू, कमान अधिकारी 8 डोगरा, भारत-पाक युद्ध 1965 की वीर बलिदानी मिट्टी जनरल ऑफिसर कमांडिंग 7 इन्फैंट्री डिवीजन, भारत–पाक युद्ध 1971 की वीर बलिदानी मिट्टी छंब ज्यौड़ियां (जम्मू-कश्मीर) तथा कारगिल युद्ध 1999 की वीर बलिदानी मिट्टी सूबेदार मेजर सुरजीत सिंह, 12 बटालियन जेके राइफल्स शामिल हैं।
मिट्टी से भरे चारों कलश बरठीं के समिति कार्यालय में सुरक्षित रखे गए हैं। 16 दिसंबर को भारत-पाक युद्ध 1971 की वर्षगांठ पर वीर बलिदानी मिट्टी को शोभायात्रा के माध्यम से चंगर स्थित वीर बलिदानी स्मारक में स्थापित किया जाएगा।
समिति ने बताया कि प्रशासन के साथ बैठक के बाद कार्यक्रम की रूपरेखा जारी की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पूर्व सैनिक, वीर नारियां, पूर्व सैनिक परिवार एवं इच्छुक नागरिक शोभायात्रा में शामिल हो सकें। इस मौके पर उपाध्यक्ष सूबेदार मदन लाल, सूबेदार मेजर सर्वजीत सिंह, सचिव कैप्टन धनीराम, कैप्टन सुरेश कुमार, सोहन सिंह मन्हास, सूबेदार मेजर बलदेव शर्मा, रामलाल, रमेश कुमार, पवन कुमार, अनिल कुमार, पवन ठाकुर, नानक चंद, सुनीत सिंह, नायब सूबेदार लच्छू राम, महाजन सिंह, कश्मीर सिंह ठाकुर, प्यार सिंह और नायब सूबेदार मोहिंद्र सिंह उपस्थित रहे।