मणिमहेश लंगर सेवा से लौटे सेवादारों का टकरेड़ा में स्वागत करते युवक मंडल के सदस्य। संवाद
टकरेड़ा में शिवा युवक मंडल ने लंगर कमेटी का किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। श्री मणिमहेश लंगर कमेटी भराड़ी की ओर से मणिमहेश यात्रा मार्ग के यमकुंड में श्रद्धालुओं के लिए लगाया गया लंगर सेवा कार्य संपन्न हो गया। लंगर कमेटी के सभी सेवादार बुधवार को घर लौट गए। इस मौके पर टकरेड़ा में शिवा युवक मंडल ने सेवादारों को हार पहनाकर स्वागत किया।
यह लंगर 10 अगस्त से 30 अगस्त तक लगातार चला, जिसमें श्रद्धालुओं को भोजन व अन्य सुविधाएं प्रदान की गईं। लंगर कमेटी के प्रधान प्यारे लाल शर्मा बताया कि भारी बारिश के चलते पहाड़ों में भूस्खलन की स्थिति गंभीर हो गई थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमेटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 31 अगस्त को लंगर सेवा को स्थगित किया जाए। इसके बाद सभी 36 सेवादारों ने लगभग 62 किलोमीटर पैदल यात्रा तय कर चंबा पहुंचकर सुरक्षित वापसी की। प्रशासन ने चंबा से बस की व्यवस्था कर उन्हें उनके घरों तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि सेवा के दौरान 36 लोगों की टीम लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी रही और सभी सदस्य एकजुट होकर घर लौटने में सफल रहे। इनमें टकरेड़ा निवासी कमेटी प्रधान प्यारे लाल शर्मा, रवि कुमार धीमान और रामपाल भी शामिल रहे। इस अवसर पर युवक मंडल प्रधान विशाल शर्मा, उपप्रधान अक्षय कुमार, कोषाध्यक्ष ओंकार, सदस्य हर्षित कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।