समोह में कांग्रेस नेता ने सुनीं समस्याएं
सुक्खू सरकार किसानों, पशुपालकों व महिलाओं के लिए चला रही कल्याणकारी योजनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की समोह पंचायत के वार्ड-2 में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव विवेक कुमार ने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क निर्माण की मांग उठाई।
विवेक कुमार ने आश्वासन दिया कि लंबे समय से लंबित सड़क कार्य को प्राथमिकता के आधार पर एक वर्ष के भीतर पूरा किया जाएगा। इस पर 10 से 15 लाख रुपये की लागत आएगी। इससे लगभग 50 से 60 परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया, जबकि मौजूदा कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में जनहित के कार्य कर रही है। प्रदेश में पहली बार ग्रामीण क्षेत्रों को विशेष बजट उपलब्ध कराया गया है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि किसानों को राहत देने के लिए मक्की का समर्थन मूल्य 40 रुपये, गेहूं का 60 रुपये और हल्दी का 90 रुपये प्रति किलो तय किया गया है। वहीं, दूध का समर्थन मूल्य भी निर्धारित किया गया है, जिससे हिमाचल देश का पहला राज्य बन गया है। महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया। इस अवसर पर पूर्व पंचायत प्रधान अनिल, पूर्व बीडीसी सीता राम नेगी, वार्ड सदस्य जाकिर हुसैन, वार्ड सदस्य सरिता देवी, युवा कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सुरेश नेगी, सेवानिवृत मुनीलाल शर्मा, बूथ अध्यक्ष रमेश राणा, महेंद्र नायक, विशनदास श्याम संधू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।