इच्छुक विद्यार्थी 21 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
25 जुलाई को महाविद्यालय परिसर में होगी काउंसलिंग की प्रक्रिया
चयनित अभ्यर्थी 29 और 30 जुलाई तक फीस ऑनलाइन कर सकेंगे जमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातकोत्तर विषयों में दाखिला लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थी 21 जुलाई तक कॉलेज की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कॉलेज में विद्यार्थी एमए अंग्रेजी, राजनीतिक शास्त्र, एमकॉम, एमएससी गणित, भौतिक विज्ञान, रासायनिक विज्ञान, जीव विज्ञान और वनस्पति विज्ञान विषय में दाखिला ले सकते हैं। इन सभी विषयों में दाखिला मेरिट आधार पर ही दिया जाएगा। काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियों की सूची 23 जुलाई को शाम 5 बजे कॉलेज की वेबसाइट पर लगा दी जाएगी। काउंसलिंग की प्रक्रिया कॉलेज परिसर में ही 25 और 26 जुलाई को सुबह 10से दोपहर 3 बजे तक होगी। काउंसलिंग के दिन अभ्यर्थी अपने पूरे एडमिशन फॉर्म की हार्ड कॉपी, अपने सभी मूल दस्तावेज और उनकी एक-एक फोटो साथ लाएं। पहली मेरिट सूची 28 जुलाई को कॉलेज की वेबसाइट पर शाम 5 बजे तक अपलोड कर दी जाएगी। काउंसलिंग में चयनित अभ्यर्थियों को 29 और 30 जुलाई तक ऑनलाइन फीस जमा करानी होगी। दूसरी मेरिट सूची 31 जुलाई को शाम 5 बजे जारी होगी। इसमें चयनित अभ्यर्थियों को 1 और 2 अगस्त को फीस जमा करानी होगी। जो विद्यार्थी पीजी तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश ले रहे हैं उन्हें अपने फॉर्म और फीस 20 जुलाई तक जमा करानी होगी। प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने कहा कि यदि किसी को दाखिले से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आए या कोई भी अतिरिक्त जानकारी चाहिए तो वह महाविद्यालय की वेबसाइट पर दिए हुए नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
इनसेट
किस विषय में कितनी सीटें
कॉलेज में एमए अंग्रेजी की 34, राजनीतिक शास्त्र की 34, एमएससी भौतिक विज्ञान की 45, रासायनिक विज्ञान की 34, गणित की 45, जीव विज्ञान की 34, वनस्पति विज्ञान की 34 और एमकॉम की 34 सीटें रखी गई हैं।