जहां तक अभी मदद नहीं, वहां भी सहायता सामग्री पहुंचाएगा ट्रस्ट : प्रकाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मानव सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने थुनाग क्षेत्र के गांव जरोल में जाकर प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री पहुंचाई।
ट्रस्ट ने स्थानीय लोगों के सहयोग से एक सूची तैयार की और प्रभावित लोगों की मदद की। मानव सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि शनिवार को सामान से भरे वाहन वृद्धाश्रम देवली बिलासपुर से रवाना हुए और जरोल मेंं पहुंचे। वहां पर करीब 200 लोगों को राहत सामग्री बांटी। राहत सामग्री में कपड़े, कंबल, स्वेटर, बच्चों के कपड़े, पानी की बोतल, टॉर्च, बॉल पेन, रजाई, तलाई, गद्दे, जूते, खाने पीने की सामग्री में आटा, चावल, दाल, घी, तेल, इंडक्शन, कुकर, बर्तन आदि सामान जरूरतमंदों तक पहुंचाया। इस नेक कार्य में बिलासपुर के बहुत सारे दानी सज्जनों और शुभचिंतकों ने योगदान दिया, जिनका ट्रस्ट आभार व्यक्त करता है। ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे वृद्धाश्रम से भी राहत सामग्री पीड़ित परिवारों को भेजी गई है। ट्रस्ट आगे भी आपदा प्रभावित क्षेत्र में स्थानीय लोगों की मदद से उन स्थानों पर भी मदद पहुंचाएगा, जहां पर अभी तक न राहत पहुंची है और न ही लोग। शीघ्र ही दूसरी खेप लेकर ट्रस्ट की टीम मानवता के प्रति अपना फर्ज निभाएगी।