सुमाडी गांव में सीसीटीवी में कैद हुआ तेंदुआ। स्रोत: वीडियोग्रैब
लोगों ने गांव में पिंजरा लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी क्षेत्र के अंतर्गत सुमाडी गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव में एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद हुआ, जिसके बाद क्षेत्र में भय है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ शाम ढलने के बाद देर रात तक गांव की गलियों और घरों के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पवन कुमार के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। वीडियो में तेंदुआ आराम से घर के बाहर टहलता हुआ नजर आ रहा है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को लेकर परिजन अधिक चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से रिहायशी क्षेत्रों में तेंदुए की गतिविधियां बढ़ी हैं। जंगलों के कटान, प्राकृतिक आवासों में कमी और भोजन की तलाश में तेंदुए जैसे जंगली जानवर रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे पहले भी आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन सुमाडी गांव में पहली बार इस तरह की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से हुई है।
तेंदुए की मौजूदगी के चलते गांव के लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। कई लोगों ने अपने पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर बांधना शुरू कर दिया है। बच्चों को अकेले स्कूल या खेलने के लिए बाहर भेजने से परहेज किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मामले में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
वहीं विभाग के आरओ भराड़ी अजय कुमार ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही गांव के आसपास निगरानी बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही है। आवश्यकता पड़ने पर पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की योजना भी बनाई जा रही है।