एक साल पहले जारी हुआ बजट, नहीं हो पाया टेंडर
लोक निर्माण विभाग की लेटलतीफी से विद्यार्थियों का भविष्य अधर में
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता( बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय झंडूता में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बहुमंजिला विज्ञान भवन लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि शिक्षा विभाग की ओर से लगभग एक वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग को ढाई करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध करवाया जा चुका है। इसके बावजूद भवन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
लोक निर्माण विभाग की इस लेटलतीफी से विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है, जिसको लेकर क्षेत्र में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। करीब पांच वर्ष पहले विज्ञान भवन के निर्माण के लिए चार मंजिला इमारत का प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 10 करोड़ रुपये रखी गई थी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब तक भवन निर्माण पर 5 करोड़ 32 लाख 10 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि जितनी राशि ठेकेदार को जारी की गई थी, उतना कार्य पूरा कर दिया गया है। इसके बाद बजट के अभाव में ठेकेदार ने मशीनरी और अन्य सामान हटाकर कार्य बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य करीब 60 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, लेकिन आगे के कार्य के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध न होने के कारण निर्माण लंबे समय तक रुका रहा। सरकार की ओर से ढाई करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट स्वीकृत किया गया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद भी कार्य शुरू नहीं हो पाया है। वर्ष 2007 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने झंडूता कॉलेज के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। इसके बाद कई वर्ष तक कॉलेज की कक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता में संचालित होती रहीं।
विज्ञान विषय की पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए वर्ष 2021 में झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल के प्रयासों से 10 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली, लेकिन पूरी राशि एकमुश्त न मिलने के कारण भवन निर्माण कार्य अधर में लटक गया। इस विज्ञान भवन में आधुनिक लैब, क्लासरूम और अन्य सुविधाएं विकसित की जानी थीं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। फिलहाल अधूरा भवन लावारिस हालत में पड़ा है, जहां पशु घूमते रहते हैं। इससे किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई है। झंडूता के कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री से ढाई करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही रुका हुआ निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। उधर, प्राचार्य डाॅ. संजय कुमार ने बताया कि डेढ़ करोड़ रुपये सामान्य बजटसे औरएक करोड़ रुपये एससीडीपी योजना के तहत प्राप्त हुए हैं। लोक निर्माण विभाग को कई बार कार्य शुरू करने के लिए पत्राचार किया जा चुका है।
इनसेट
लोक निर्माण विभाग मंडल झंडूता के वरिष्ठ सहायक कुलदीप कुमार वर्मा ने बताया कि ढाई करोड़ रुपये के बजट से संबंधित निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया जारी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही बहुमंजिला विज्ञान भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।