बोले, हिमाचल में प्रधानमंत्री करें राष्ट्रीय आपदा की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वह दिन आ ही गया जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने व्यस्त शेड्यूल से हिमाचल प्रदेश में आई आपदा का जायजा लेने के लिए समय निकाला। प्रदेश की जनता की उम्मीदें प्रधानमंत्री पर टिकी हैं। उम्मीद है कि इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर प्रदेश के जख्मों पर मरहम लगाने का काम होगा। यह बात कांग्रेस के पूर्व मीडिया कोऑर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने कही।
प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के हिमाचल दौरे से प्रदेशवासियों को अच्छी खासी उम्मीदें हैं। प्रदेश में लगातार यह तीसरी बरसात की प्राकृतिक त्रासदी है, जिसमें प्रदेश में भारी नुकसान हुआ है, सैकड़ों लोगों के घर बहे है, लोगों की गोशालाएं बही हैं, मवेशियों के साथ जानमाल का बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में सेब की फसलों के साथ फल सब्जी आदि की नकदी फसलें भी बाढ़ की भेंट चढ़ गई हैं। हिमाचल को एक बार फिर अपने पैरों पर खड़े होने के लिए काफी समय लगेगा। सांख्यान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश में आई आपदा का निरीक्षण करने आ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि प्रदेश की आपदा का आकलन कर जल्द से राहत पैकेज की घोषणा की जाए और प्रदेश की इस प्राकृतिक आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें।