कोठी मझेड़ क्लस्टर में अधिकारियों ने किसानों के साथ की बैठक
-क्लस्टर को लेकर चल रहा था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विकास खंड सदर के अंतर्गत ग्राम कोठी मझेड़ में स्थापित स्वीट ऑरेंज क्लस्टर को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद के बीच वीरवार को गांव में अधिकारियों और किसानों की बैठक हुई, जिसमें बागवानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिवा परियोजना के प्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे। इस दौरान पानी की समस्या, क्लस्टर की स्थिति और अफवाहों पर विस्तार से चर्चा हुई।
किसानों ने बताया कि क्लस्टर में सिंचाई की समस्या समय-समय पर सामने आती रही है। इस पर अधिकारियों ने जानकारी दी कि गंभरोला खड्ड से पानी उठाने की योजना पर काम अंतिम चरण में है। पानी की लाइन डाली जा चुकी है और टैंक का निर्माण भी पूरा हो चुका है। अब केवल पंप हाउस का कार्य शेष है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। मार्च तक योजना शुरू हो जाएगी और क्लस्टर को पानी उपलब्ध होगा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि योजना के तहत उपलब्ध कराया जाने वाला पानी केवल क्लस्टर के लिए होगा और इसे अन्य उपयोग में नहीं दिया जाएगा, ताकि बागवानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिल सके। बैठक में कुछ समय पहले हुई किसान की मौत के बारे में चर्चा हुई, जिसमें मृतक व्यक्ति की पत्नी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके पति ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उनकी मृत्यु साइलेंट अटैक से हुई थी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बेबुनियाद तरीके से यह अफवाह फैला रहे हैं कि क्लस्टर की वजह से उनके पति ने आत्महत्या की, जो पूरी तरह झूठ है। इससे उनके परिवार की छवि खराब की जा रही है। बैठक में शिवा परियोजना के सहायक निदेशक डॉ. रमल अंगारिया, उद्यान विभाग बिलासपुर के उपनिदेशक डॉ. जगदीश वर्मा, विशेषज्ञ डॉ. सोमदेव (डीडीएच) सहित जल शक्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।