बिलासपुर में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में मौजूद अधिकारी व अन्य। संवाद
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर ने किया विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन
हाईकोर्ट के न्यायाधीश रहे मौजूद, नशा-मुक्त समाज व संसाधन संरक्षण पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर की ओर से नगर के ऑडिटोरियम में विधिक साक्षरता शिविर लगाया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायाधिपति विवेक सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ न्यायाधिपति जिया लाल भारद्वाज और रोमेश वर्मा भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि न्यायाधिपति विवेक सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और देश की तरक्की तभी संभव है जब आखिरी पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी उन्नति करे। उन्होंने कहा कि संविधान भी यही संदेश देता है कि न्याय समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है और विधिक सेवा संस्थाएं इस दिशा में बेहतरीन कार्य कर रही हैं। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि संसाधनों का उपयोग करें, उनका दोहन नहीं। जल और पर्यावरण को बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नशा-मुक्ति विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कानून केवल बुराइयों को रोकने का साधन है, उन्हें खत्म नहीं कर सकता। इसके लिए संस्कारयुक्त शिक्षा और समाज की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और शिविर में पहुंचे आपदा पीड़ित परिवारों की महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिला सचिव एसीजेएम प्रतीक गुप्ता ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से जिले के 80 आपदा पीड़ित परिवारों को सहायता प्रदान की गई है। डीएसपी मदान धीमान ने नशामुक्त समाज–भारत का संकल्प विषय पर विचार रखे। संचालन लोक संपर्क विभाग की उपनिदेशक मधुमालिनी शर्मा ने किया। इससे पहले कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश ज्योत्सना सुमंत डढवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सीजेएम अक्षि शर्मा, एसपी संदीप धवल, एसडीएम राजदीप सिंह, मत्स्य विभाग के निदेशक विवेक चंदेल, समाजसेवी डॉ मुक्ता शर्मा, आंगनबाड़ी-आशा कार्यकर्ता, महिला मंडल सदस्यों सहित करीब 1100 लोगों ने भाग लिया।
बिलासपुर में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में मौजूद अधिकारी व अन्य। संवाद