मोरसिंघी पंचायत में मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति की बैठक
श्रद्धालुओं के लिए भंडारे में देसी घी से तैयार होगा प्रसाद, बच्चों के लिए होंगे मनोरंजक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बम्म(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत मोरसिंघी स्थित गुग्गा जाहरवीर डिहर मंदिर परिसर में चार और पांच सितंबर को दो दिवसीय गोगा जाहरवीर मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर रविवार को मंदिर समिति की बैठक प्रधान प्रेमलाल गर्ग की अध्यक्षता में हुई। इसमें मेले के दौरान श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान गुग्गा जाहरवीर की मंडलियों की ओर से दिनभर गुणगान किया जाएगा। इससे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहेगा। मेले में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। पांच सितंबर को झंडा रस्म अदा करने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति के अनुसार भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए देसी घी से तैयार प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मेले में जलेबी, पकौड़े सहित अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानें भी लगाई जाएंगी। ढोल-नगाड़ों की व्यवस्था भी मेले का विशेष आकर्षण रहेगी। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 10 वर्ष तक की आयु के बच्चे भाग ले सकेंगे। कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मंदिर समिति की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। समिति ने बच्चों और उनके अभिभावकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि गुग्गा जाहरवीर के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और मेले को श्रद्धा एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया जाएगा। बैठक में ग्राम पंचायत मोरसिंघी के उपप्रधान रमेश गर्ग, मेला उपप्रधान सुनील चौहान, महासचिव राहुल चौहान, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान के अलावा रंजीत कुमार, विजय पाल, देशराज, सोनू गर्ग, दीपक गर्ग, जगदीश गर्ग और ज्ञान चंद सहित मंदिर समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।