ग्राउंड रिपोर्ट
उत्सव स्थल, सीर खड्ड किनारे से कूड़ा उठाने की जगह जलाया
खुले में जलते प्लास्टिक-पॉलीथिन से उठने वाले जहरीले धुएं से वातावरण खराब
खड्ड के दोनों छोर पर सफाई बनी मात्र सिर्फ औपचारिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं में जल संरक्षण का संदेश देने के लिए दो दिनों का सीर उत्सव मनाया जा रहा है। एक माह से इसकी तैयारियां भी की जा रही हैं। लेकिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले उत्सव की तैयारी के लिए पर्यावरण को ही नुकसान पहुंचाया जा रहा है। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे इसका उदाहरण देखने को मिला। इस उत्सव का उद्देश्य जल संरक्षण का संदेश देना है, लेकिन जमीनी स्तर पर तस्वीर बिल्कुल उलट है। उत्सव स्थल और खड्ड किनारे फैली गंदगी, खुले में जलते प्लास्टिक-पॉलीथीन और उठते जहरीले धुएं ने इस संदेश को खोखला साबित कर दिया है। हर साल परंपरा के अनुसार सीर खड्ड के पूजन से इस उत्सव की शुरुआत होती है। प्रशासन और संबंधित विभागों को साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। लेकिन ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि सीर खड्ड के दोनों छोर पर सफाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर पड़े हैं और इन्हें सही तरीके से उठाने की बजाय मंगलवार सुबह इसी स्थल पर जलाया गया, जिससे उठते जहरीले धुएं ने हवा को दूषित कर दिया। सीर खड्ड किनारे गीले कचरे के बड़े-बड़े ढेर भी नजर आए। इससे न केवल बदबू फैल रही है, बल्कि पास की पेयजल योजनाओं पर भी असर डाल रहे हैं।
लोगों ने कहा कि जल संरक्षण का संदेश तभी सार्थक होगा जब आयोजक और विभाग खुद इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं। इस बार की तैयारियों ने विभागों और अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी को भी उजागर कर दिया। सफाई अभियान केवल नाम मात्र का साबित हुआ। प्लास्टिक और पॉलिथीन जैसे ज्वलनशील कचरे को खुले में जलाना पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब खुद उत्सव ही पर्यावरणीय अवहेलना का प्रतीक बन जाए तो फिर उसका संदेश कौन मानेगा।
कोट
ईओ नगर परिषद बोले– कूड़ा उठाने के आदेश थे
इस संबंध में नगर परिषद घुमारवीं के कार्यकारी अधिकारी खेमचंद वर्मा ने कहा कि कूड़ा जलाए जाने की कोई जानकारी नहीं है। कूड़ा उठाने के आदेश पहले ही दिए गए थे। अगर ऐसा किया गया है तो यह गलत है। जिम्मेदार पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
घुमारवीं में सीर खड्ड को जाने वाली सड़क किनारे फेंका गया कूड़ा। संवाद