लोगों ने तेज स्पार्किंग की सूचना दी, जेई की तत्परता से टला हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विद्युत उपमंडल बरठीं में स्टाफ की भारी कमी होने के बावजूद विभाग के कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मंगलवार देर रात मुख्य बाज़ार में पैदा हुई बिजली की आपात स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया। ढीली तारों के आपस में टकराने से तेज स्पार्किंग हो रही थी, जिसे देखकर स्थानीय निवासी घबरा गए और और तुरंत विभाग को इसकी सूचना दी।
स्थानीय सतपाल महाजन ने बताया कि उन्होंने स्थिति की जानकारी बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता संजीव कुमार को दी। सूचना मिलते ही जेई ने बिना देरी किए मौके पर जेसीबी की व्यवस्था करवाई। विभागीय कर्मचारियों ने रात के समय जेसीबी पर चढ़कर ढीली बिजली लाइनों को दुरुस्त किया और लोगों को राहत दी। घटना के दौरान राजकुमार, विजय कुमार, गुगू राणा, संजीव कुमार, रवि धीमान, तरसेम सिंह, राजेंद्र और अंगद कुमार सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने विभाग की तत्परता, जोखिम उठाकर की गई रात भर की मेहनत और सेवाभाव की सराहना की है। लोगों का कहना है कि स्टाफ की कमी के बीच भी विभागीय टीम ने जिस फुर्ती से खतरे को टाला, वह प्रशंसनीय है।