-बोले- कॉलेज की परीक्षा संचालन व्यवस्था सही
-परीक्षा केंद्र की सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार, पारदर्शी व व्यवस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के परीक्षा नियंत्रक डॉ. श्यामलाल कौशल ने बुधवार को राजकीय महाविद्यालय जुखाला का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण महाविद्यालय में चल रही स्नातक स्तर की परीक्षाओं के दौरान किया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. कौशल ने परीक्षा केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण, समय-पालन सहित समस्त परीक्षा प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जांच की।
निरीक्षण उपरांत उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में परीक्षा संचालन सही तरीके से हो रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र की सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार, पारदर्शी व सुव्यवस्थित हैं। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन, केंद्र अधीक्षकों तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की निष्ठा व ईमानदारी उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने में सहायक है। डॉ. कौशल ने प्राचार्य डॉ. ध्रुव पाल सिंह सहित परीक्षा केंद्र के केंद्रीय अधीक्षक, सहायक अधीक्षक, समस्त शिक्षकगण व गैर-शिक्षक कर्मचारियों को बधाई दी और उनके योगदान की प्रशंसा की। निरीक्षण के समय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ध्रुव पाल सिंह, परीक्षा केंद्र के अधीक्षक, सहायक अधीक्षक, अन्य शिक्षक एवं कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।