पुरानी वफादारी और संगठनात्मक अनुभव पर जताया भरोसा
पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के बाद हाईकमान का सोचा-समझा सियासी फैसला
पर्यवेक्षक के सामने हुई खेमेबंदी से नेतृत्व की बागडोर को लेकर चिंता में था संगठन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में कांग्रेस संगठन की कमान को लेकर चल रहा लंबा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। कांग्रेस हाईकमान ने गुटबाजी की आग को बुझाने के लिए एक बार फिर अंजना धीमान पर दांव खेला है। अंजना को लगातार दूसरी बार जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो न केवल उनकी संगठन क्षमता पर मुहर है, बल्कि जिले के कद्दावर नेताओं के बीच संतुलन बनाने की हाईकमान की एक सोची-समझी रणनीति भी है।
कुछ समय पहले जब पर्यवेक्षक हिना कावरे संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने बिलासपुर आई थीं, तब नजारा किसी दंगल से कम नहीं था। जिलाध्यक्ष की कुर्सी के लिए कई बड़े चेहरों ने अपनी दावेदारी ठोकी थी। सदर और श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के बीच की खींचतान और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी ने यह साफ कर दिया था कि अगर किसी नए या विवादित चेहरे को कमान मिली, तो संगठन बिखर सकता है। पर्यवेक्षक के सामने जिस तरह की खेमेबंदी दिखी, उसने आलाकमान को चिंता में डाल दिया था। जानकारी के अनुसार हिना कावरे की रिपोर्ट में स्पष्ट था कि जिले में सर्वमान्य चेहरे की जरूरत है। इसी रिपोर्ट के आधार पर हाईकमान ने अंजना धीमान को रामबाण के रूप में चुना, ताकि गुटबाजी को खत्म किया जा सके। अंजना धीमान का दोबारा चयन महज इत्तेफाक नहीं है। उनके राजनीतिक कॅरिअर का ग्राफ भी प्रभावशाली रहा है। वह पूर्व में जिला परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं, जिससे उन्हें जिले की भौगोलिक और राजनीतिक समझ विरासत में मिली है। 2019 में उन्हें पहली बार जिलाध्यक्ष चुना गया था। 2022 में कार्यकाल पूरा होने के बाद भी वह संगठन में सक्रिय रहीं। घुमारवीं उपमंडल की लद्दा पंचायत से ताल्लुक रखने वाली अंजना का कार्यक्षेत्र सदर विधानसभा है। उनका प्रोफाइल गुटबाजी से दूर और कार्यकर्ताओं के लिए सुलभ माना जाता है।
अंजना धीमान के नाम की सबसे बड़ी जीत यह है कि उनकी नियुक्ति के बाद जिले के किसी भी गुट से बगावत के सुर नहीं उठे हैं। यह कांग्रेस के लिए 2027 की तैयारी की दिशा में पहला सफल कदम माना जा रहा है। अंजना धीमान को एक ऐसे समय में कमान मिली है जब 2027 के विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार होना है। 2022 के बाद से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन लटका हुआ था। अब अंजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती बिखरे हुए कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाना और उन बड़े चेहरों को साधकर चलना है जो इस दौड़ में पिछड़ गए हैं। हाईकमान ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि संगठन में व्यक्तिगत कद से ऊपर एकजुटता और निस्वार्थ सेवा को तरजीह दी जाएगी। बिलासपुर कांग्रेस में फिलहाल शांति है, लेकिन यह शांति कितनी स्थायी रहती है, यह अंजना धीमान की नई टीम के गठन पर निर्भर करेगा।