पुलिस ने धरपकड़ के लिए उसके ठिकानों पर दी दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं में एक निजी गेस्ट हाउस में युवक का शव मिलने के मामले में फरार एक अन्य युवक अभी भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। इस कारण पुलिस की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। फरार युवक के मिलने के बाद ही पता चल पाएगा कि मृत मिला पंजाब का युवक घुमारवीं क्यों आया था।
फरार हुए युवक को पकड़ने के लिए पुलिस उसके घर सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दे चुकी है। गेस्ट हाउस के मालिक के मुताबिक कमरे में मृतक युवक के साथ एक और युवक रुका था। गेस्ट हाउस के मालिक ने फरार युवक का पहचान पत्र भी पुलिस को सौंप दिया है, लेकिन 3 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस की माने तो वह लगातार युवक के ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक युवक पुलिस के हाथ नहीं लगा है, जबकि गेस्ट हाउस के कमरे के बाहर गैलरी में फाॅयल पेपर के साथ जो प्रतिबंधित दवा का रैपर मिला था, उससे भी इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं कमरे में इन दोनों युवकों के साथ कोई तीसरा तो मौजूद नहीं था। बता दें कि बुधवार को घुमारवीं के गेस्ट हाउस में पंजाब के युवक का शव मिला था। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया पुलिस फरार युवक की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस की अलग टीमें बनाई हैं। उम्मीद है कि जल्द ही युवक पुलिस की गिरफ्त में होगा।