नशे के कारण मौत की आशंका, आज एम्स में होगा पोस्टमार्टम
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, निकाली जा रही कॉल डिटेल
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक, उचित जांच का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। उपमंडल सदर के तहत शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे घ्याणा गांव में एक युवक का शव घर के बाहर संदिग्ध अवस्था में मिला। युवक का घर राजमार्ग के बिल्कुल साथ है। नशे से युवक की मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विनीत शर्मा (28) निवासी निहारखन वासला डाकघर ब्रह्मपुखर शाम के समय खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। उसके पापा ट्रक लेकर हमीरपुर चले गए और माता भी अपने कमरे में सोने चली गई। जब सुबह माता ने विनीत का कमरा देखा तो वह कमरे में नहीं था। इसके बाद माता ने आसपास उसे ढूंढा उसकी बाइक भी घर के लेंटर पर मौजूद थी। तभी उसका शव घर के ऊपर सड़क किनारे मिला। मौके पर ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जानकारी के अनुसार शव के पास एक सिरिंज मिली थी। साथ ही उसकी बाजू पर सिरिंज के निशान भी देखे गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और उचित कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि इस मौत के पीछे और भी लोग शामिल हैं, जिसकी जांच की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में नशा तेजी से बढ़ रहा है, जिसे रोकना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे को रोकने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्स बिलासपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जहां सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का पता लग पाएगा। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि पुलिस युवक के फोन कॉल की डिटेल निकाल रही है। साथ ही गसौड़ के पास लगे सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है। मामले की गहनता से छानबीन जारी है।