21-22 जनवरी को जिले की सभी पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा
जनता से सीधा संवाद स्थापित कर ज्वलंत सामाजिक मुद्दों का निकालेंगे समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले को नशा मुक्त बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त राहुल कुमार ने आदेश जारी करते हुए जिला के सभी विकास खंडों की समस्त ग्राम पंचायतों में आगामी 21 और 22 जनवरी को विशेष ग्राम सभाएं करने के निर्देश दिए हैं।
इन बैठकों का मुख्य एजेंडा समाज के लिए नासूर बन चुके चिट्टा (सिंथेटिक ड्रग्स) के खिलाफ रणनीति बनाना और सड़क सुरक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहेगा। इन बैठकों का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर समाधान तलाशना है। सभाओं में चिट्टा जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। नशा तस्करों की सूचना देने और नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया जाएगा। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों, हेलमेट/सीटबेल्ट के महत्व और सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर लोगों को शिक्षित किया जाएगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नष्ट करता है। इसके विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन के भरोसे नहीं जीती जा सकती, इसमें जन-भागीदारी अनिवार्य है। उपायुक्त राहुल कुमार ने जिला के समस्त नागरिकों, विशेषकर जनता से आह्वान किया है कि वे 21 और 22 जनवरी को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में होने वाली इन बैठकों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय उपस्थिति ही समाज में जागरूकता का वास्तविक संदेश फैलाएगी और एक सुरक्षित बिलासपुर की नींव रखेगी।