- नालागढ़ में बेचा सामान बरामद, आरोपियों के साथ गोबिंदगढ़ भी गई पुलिस
- चोरों ने बध्यात से लखनपुर के बीच चुराया था लाखों का सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन की निर्माण साइट से लाखों का सामान चोरी करने के मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों को अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
उधर, पुलिस ने नालागढ़ में बेचे गए चोरी के सामान को बरामद कर लिया है। जबकि पंजाब के गोबिंदगढ़ में बेचे गए सामान की रिकवरी के लिए पुलिस की टीम आरोपियों को साथ लेकर गई है। बता दें कि मामले की शिकायत बध्यात से मंडी-भराड़ी तक रेल लाइन निर्माण कर रही एचजी इंफ्रा कंपनी के अधिकारी ने शनिवार को सदर थाना में दी। शिकायत में बताया गया कि कुछ दिनों से कंपनी की साइट से काफी मात्रा में सामान चोरी हो रहा है। शुक्रवार रात को भी साइट से चैनल, लाइनर टुकड़े, लोहे की प्लेटें और सरिया चोरी किया गया। पुलिस को जांच के दौरान सूचना मिली कि रेल लाइन के निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रहा लोहे का सामान सुंगल नामक जगह पर कबाड़ी की दुकान पर देखा गया है। पुलिस ने कबाड़ी की दुकान करने वाले विशाल कौशल निवासी औद्योगिक क्षेत्र बिलासपुर और कृष्ण लाल निवासी गांव ध्राड़सानी तहसील झंडूता को को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि कुछ लड़के उसके पास सामान लाए थे, जिसे उसने पंजाब के गोबिंदगढ़ और नालागढ़ में बेचा है। इसके बाद पुलिस चोरी करने वाले प्रवीण शर्मा निवासी गांव मंदरीघाट तहसील घुमारवीं, नीतिश कुमार निवासी लोअर निहाल बिलासपुर, नितिन कुमार निवासी लोअर निहाल बिलासपुर, राहुल निवासी गांव जांबा डाकघर सनौली जिला पानीपत हरियाणा और अमीर बेग निवासी रौड़ा सेक्टर को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।