घुमारवीं में आयोजित पीएम श्री स्कूलों के अध्यापकों की कार्यशाला में शिक्षक। स्रोत: शिक्षक
कार्यशाला के तीसरे दिन योग्यता आधारित मूल्यांकन पर रहा फोकस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर के पीएम श्री स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का तीसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यशाला डाइट जुखाला की ओर से घुमारवीं में चल रही है, जिसमें जिले के विभिन्न पीएम श्री स्कूलों के शिक्षक भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला के तीसरे दिवस डायट जुखाला के आरएंडई को-ऑर्डिनेटर चंद्रकांत भारद्वाज ने योग्यता आधारित मूल्यांकन और हॉलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक मूल्यांकन पद्धतियों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों से गहन संवाद किया। वहीं, दूसरे सत्र में स्रोत व्यक्ति अशोक कुमार ने शैक्षिक सर्वे से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जिला शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) निशा गुप्ता और डाइट प्रधानाचार्य राकेश मनकोटिया ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया और शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में जिला पीएम श्री स्कूल समन्वयक अनिल कुमार, शिक्षक प्रशिक्षण समन्वयक कुलदीप सिंह सहित अन्य विषय विशेषज्ञों ने भी मार्गदर्शन प्रदान किया। शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि वे प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने विद्यालयों में लागू कर जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाएंगे।