बिलासपुर कॉलेज में आयोजित प्रदर्शन में उपस्थित शिक्षक। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन।
कॅरियर एडवांसमेंट स्कीम को तत्काल प्रभाव से लागू करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (एचजीसीटीए) की राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर इकाई ने सोमवार को राज्य स्तरीय आह्वान के समर्थन में एक गेट मीटिंग का आयोजन किया गया।
इस दौरान कॉलेज के सभी शिक्षक और स्टाफ सदस्य काले बैज पहनकर शांतिपूर्ण ढंग से अपने विरोध को दर्ज कराते हुए एकजुटता प्रदर्शित करते नजर आए। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। उन्होंने मांग की कि कॉलेज शिक्षकों के लिए कॅरियर एडवांसमेंट स्कीम को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। सभी पात्र शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि जोड़ते हुए पदोन्नति लाभ प्रदान करने, महंगाई भत्ता की लंबित किस्तों का शीघ्र भुगतान करने और सभी बकाया एरियर जारी करने की मांग की। इस दौरान शिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि सरकार जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। एचजीसीटीए स्थानीय इकाई बिलासपुर के सभी पदाधिकारियों अध्यक्ष डॉ. सुरजीत चंदेल, उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश, सचिव डॉ. विजय, कोषाध्यक्ष डॉ. मोनिका और संयुक्त सचिव प्रो. हितेश ने समस्त सदस्यों के साथ मिलकर अपनी मांगों का ज्ञापन कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से सरकार को प्रेषित किया। इस अवसर पर केंद्रीय इकाई के राज्य उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।