बिरला पब्लिक स्कूल बागा में आयोजित जागरूकता सत्र में उपस्थित मुख्य वक्ता व अन्य। स्रोत: स्कूल प
बिरला पब्लिक स्कूल बागा में हुआ जागरूकता सत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अल्ट्राटेक सीमेंट बागा के तत्वावधान में आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल बागा में शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मचारियों के लिए पॉश अधिनियम पर एक प्रभावी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
इस सत्र का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी देना, विद्यालय को एक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं संवेदनशील कार्यस्थल के रूप में विकसित करना था। इस अवसर पर अल्ट्राटेक आईसीसी (आंतरिक शिकायत समिति) कमेटी की सदस्य डॉ. किरण बाला ने पॉश अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, उसकी आवश्यकता, शिकायत प्रक्रिया एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि किसी भी संवेदनशील परिस्थिति में सजगता एवं सही प्रक्रिया अपनाकर किस प्रकार त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। प्रधानाचार्य विभा गुप्ता ने अल्ट्राटेक सीमेंट बागा के इकाई प्रमुख नितेश कुमार निराला, विद्यालय प्रबंधक राजेश जामवाल, आईसीसी समिति की सदस्य डॉ. किरण बाला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहना एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे महिला सुरक्षा सहित सभी कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर संजय कुमार, प्रज्ञा आदि उपस्थित रहे।