बल्हसीणा में विक्रेता संघ की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में मौजूद विक्रेता। संवाद
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में नौ जिलों से करीब 300 विक्रेताओं ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध कराने वाले विक्रेताओं की समस्याओं और मांगों को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाने पर झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल को सम्मानित किया गया। हिमाचल विक्रेता संघ की ओर से घंडीर रेस्ट हाउस में हुए समारोह में प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि की अगुवाई में उन्हें शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तरीय इस कार्यक्रम में नौ जिलों से करीब 300 विक्रेताओं ने भाग लिया। विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि डिपो धारक लोगों के घर-द्वार के पास सस्ता राशन उपलब्ध करवा रहे हैं और दिनभर मेहनत कर न केवल अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, बल्कि आमजन की रसोई की जरूरतें भी पूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश डिपो धारक किराये की दुकानों में कार्य कर रहे हैं, जहां मशीनें लगाने, इंटरनेट व्यवस्था करने सहित अन्य खर्च उन्हें स्वयं वहन करने पड़ते हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाले विक्रेता आज उपेक्षा का शिकार हैं। सम्मानजनक मानदेय, कमीशन, नियमों की जटिलता, इंटरनेट खर्च और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं को उन्होंने हमेशा विधानसभा में प्राथमिकता से उठाया है और इनके समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने पूर्व धूमल सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय विक्रेताओं के लिए सेवा-शर्तों से संबंधित नियम बनाए गए थे,जबकि मौजूदा कांग्रेस सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय केवल घोषणाओं तक सीमित है।
कांग्रेस के घोषणा पत्र में दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल वैन से राशन आपूर्ति, डिपो धारकों को प्रतिमाह 20 हजार रुपये वेतन और वन टाइम लाइसेंस जैसे वादों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। सरकार से मांग की कि डिपो राशन विक्रेताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, उनके मानदेय व कमीशन में वृद्धि हो और भुगतान व्यवस्था को सरल व समयबद्ध बनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो विक्रेता सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करेंगे और इस संघर्ष में वह उनके साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के झंडूता मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल, शाहतलाई मंडल अध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा सहित पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बल्हसीणा में विक्रेता संघ की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में मौजूद विक्रेता। संवाद