- बड़गांव स्कूल में छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में सड़क सुरक्षा नियमों पर एक जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की अध्यक्षता प्रधानाचार्य होशियार सिंह ने की।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने लोगों को दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने और सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए जागरुक किया। प्रधानाचार्य होशियार सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि हम यातायात नियमों की सही जानकारी रखकर ही सडक़ दुर्घटना को कम कर सकते हैं। इससे हम बहुत से लोगों की जान बचा सकते हैं और खुद भी बच सकते हैं। उन्होंने बताया कि हमें और खासकर युवाओं को सड़क पर बाइक और अन्य वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना चाहिए। इस अवसर पर राजकुमार, सोहनलाल, राजीव ठाकुर, भूपेंद्र सिंह, संदीप चौहान, सुनीता कुमारी, अंजना ठाकुर, सोनिका कुमारी, कमलेश कुमारी, मीनाक्षी चंदेल, बीएड प्रशिक्षु अध्यापक और अन्य उपस्थित रहे।