झंडूता में अग्निशमन विभाग ने दिया प्रशिक्षण, आपात स्थिति में लोगों की मदद करने के बताए उपाय
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। आग लगने की घटनाओं में समय रहते उठाए गए कदम बड़े नुकसान को रोकने में मददगार साबित हो सकते हैं। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को झंडूता में डिफेंस वालंटियर्स के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत झंडूता के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग की टीम ने स्वयंसेवकों को आग से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके बताए।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने आग लगने के विभिन्न कारणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लगने की स्थिति में किस तरह सतर्कता बरतनी चाहिए और उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने के लिए क्या कदम उठाने चाहिए। स्वयंसेवकों को आगजनी की घटनाओं को रोकने और प्रभावित लोगों की सहायता करने के तरीकों के बारे में भी समझाया गया। अग्निशमन विभाग के लीडिंग फायरमैन भाग सिंह ने कहा कि आगजनी की घटनाओं से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहना जरूरी है। बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। इसके अलावा गैस सिलेंडर और चूल्हे का उपयोग करते समय भी विशेष एहतियात बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कहीं आग लगने की घटना होने पर घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित करना चाहिए। समय रहते बरती गई सावधानी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत झंडूता के प्रधान, उपप्रधान सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।