प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा, 690 करोड़ रुपये के कृषि ऋण उपलब्ध करवाने की तैयारी
उपायुक्त बोले, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि योजनाओं के लक्ष्य समयबद्ध पूरे करें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को बचत भवन में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कृषि एवं संबद्ध योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने, विभागीय समन्वय मजबूत करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, कृषि उत्पादकता में सुधार लाना तथा किसानों को कृषि ऋण, फसल बीमा, आधुनिक तकनीक, गुणवत्तायुक्त बीज, सिंचाई और अन्य कृषि सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रदेश का एकमात्र जिला है, जिसे इस योजना के लिए चुना गया है। ऐसे में सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत चालू वर्ष में प्राप्त सभी 45 नए मामलों को मंजूरी दे दी गई है, ताकि पात्र किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2026-27 में तीन हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं गत वर्ष जिले के करीब 11 हजार किसानों को 7.68 करोड़ रुपये की बीमा राशि मिली। उपायुक्त ने किसानों से प्राकृतिक आपदाओं से फसलों की सुरक्षा के लिए समय पर फसल बीमा कराने की अपील की।
किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में करीब 55 हजार किसानों को योजना से जोड़ने और लगभग 690 करोड़ रुपये के कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने संबंधित विभागों और बैंकों को समन्वय के साथ लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में मिशन पल्सेस कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 10.8 क्विंटल गुणवत्तायुक्त दलहन बीज किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। उपायुक्त ने दलहन उत्पादन बढ़ाने और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, उपनिदेशक कृषि कुलभूषण धीमान, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के जिला नोडल अधिकारी देवेंद्र सांख्यान, जिला राजस्व अधिकारी नीलाक्ष शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।